*देहरादून।* खाद्य मंत्री रेखा आर्या ने बुधवार को विधानसभा स्थित सभागार में खरीफ क्रय सत्र 2026-27 में धान और मंडुवा खरीद की तैयारियों को लेकर विभागीय अधिकारियों और राइस मिलर्स संगठन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।

मंत्री ने बताया कि इस वर्ष 7 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य रखा गया है। साधारण धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का 2,461 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। वहीं मंडुवा की 12 हजार मीट्रिक टन खरीद का लक्ष्य है, जिसका MSP 5,205 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। धान और मंडुवा दोनों की खरीद 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक होगी।

रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि खरीद के दौरान किसी को परेशानी न हो। मिलर्स को भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाते हुए अब 72 घंटे की जगह 48 घंटे के भीतर सीधे बैंक खातों में भुगतान किया जाएगा।

बैठक में राइस मिलर्स ने खरीद प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिन पर जल्द सकारात्मक निर्णय का आश्वासन दिया गया। बैठक में प्रमुख सचिव एल. फेनई, अपर सचिव आनंद श्रीवास्तव, आरएफसी कुमाऊं सी.एस. मर्तोलिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *