*देहरादून।* क्लेमेंट टाउन क्षेत्र में पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में दून पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी के निर्देश पर थाना क्लेमेंट टाउन और एसओजी की संयुक्त टीम ने 23 सितंबर को आरोपी को क्लेमेंट टाउन क्षेत्र से पकड़ा।
21 सितंबर की सुबह 112 पर धीरज नाम के व्यक्ति ने सूचना दी थी कि पत्नी काजल से हाथापाई के दौरान गोली लगने से उसकी मौत हो गई है। पुलिस मौके पर पहुंची तो 26 वर्षीय काजल मृत पड़ी मिली, जिसके सिर और पेट पर गोली लगी थी। घटना के बाद पति फरार हो गया था। मृतका के भाई की तहरीर पर थाना क्लेमेंट टाउन में मुकदमा दर्ज किया गया।
पूछताछ में आरोपी धीरज पवार उर्फ लल्लू (30), निवासी मुजफ्फरनगर यूपी ने बताया कि 12 साल पहले उसकी शादी काजल से हुई थी, दो बच्चे हैं। वह ससुराल सुभाषनगर में ही रहता था। पिछले एक साल से विवाद चल रहा था और पत्नी तलाक की तैयारी कर रही थी। इसी कारण उसने सहारनपुर से देसी तमंचा खरीदा और रात में देहरादून आकर एक निर्माणाधीन इमारत में छिपकर रेकी की। सुबह टीन का दरवाजा तोड़कर सो रही पत्नी पर दो फायर कर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और खून लगी शर्ट बरामद की है।
