*देहरादून, 25 सितंबर 2026।* एसएसपी दून के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत कोतवाली पटेल नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21.72 ग्राम स्मैक के साथ महिला समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत 6.50 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
पुलिस ने 24 सितंबर को चेकिंग के दौरान राहुल नाथ (32) निवासी सपेरा बस्ती मोथरोवाला को 11 ग्राम स्मैक और तस्करी में प्रयुक्त बलेनो कार UK 07FA-0601 के साथ पकड़ा। वहीं 25 सितंबर को राजीव नगर निवासी कलावती उर्फ कैला (55) को 10.72 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि जल्दी पैसा कमाने के लालच में वे तस्करी करने लगे थे और नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर स्मैक बेचकर मुनाफा कमाते थे। गिरफ्तार महिला पहले भी एनडीपीएस एक्ट में जेल जा चुकी है। दोनों के खिलाफ कोतवाली पटेल नगर में अलग-अलग एनडीपीएस के मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि पिछले 16 दिनों में कोतवाली पटेल नगर ने एनडीपीएस के 6 और आबकारी के 4 मुकदमे दर्ज कर लगभग 50 ग्राम स्मैक, 3 किलो गांजा, 140 बोतल देशी शराब और 18 लीटर कच्ची शराब बरामद की है।
