*उत्तरकाशी, 25 सितंबर 2026।* मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अपने तीन दिवसीय सीमांत जनपद दौरे के पहले दिन शुक्रवार को चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने एप्रन, रनवे, टर्मिनल भवन सहित बुनियादी ढांचागत सुविधाओं का जायजा लिया और सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए। चीन सीमा से निकटता के कारण यह हवाई पट्टी सामरिक संचालन, आपातकालीन रेस्क्यू और आपदा प्रबंधन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

इसके बाद मुख्य सचिव ने विकासखंड चिन्यालीसौड़ के ग्राम मल्ली में ‘सर्वशक्ति सीएलएफ तुल्याड़ा’ के कलेक्शन सेंटर का उद्घाटन किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और लखपति दीदियों से संवाद कर आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली और उनके आत्मनिर्भरता के प्रयासों की सराहना की। महिलाओं ने बताया कि यूजीवीएस-रीप, आजीविका परियोजना और आईएफएडी के सहयोग से बेकरी, स्ट्रॉबेरी उत्पादन, सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर, डेयरी, मुर्गी पालन और अचार निर्माण जैसी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

मुख्य सचिव ने इसके बाद पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मातली का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें उच्च लक्ष्य निर्धारित करने और अनुशासित जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय में प्रयोगशाला, कंप्यूटर कक्ष और पेयजल व्यवस्था का जायजा लिया और पौधारोपण किया।

इस दौरान लंबी कूद में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले राजीव (कक्षा 12), कबड्डी में चयनित शुभम (कक्षा 11) सहित टॉपर छात्राओं निधि भट्ट और अनुष्का को सम्मानित किया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *