*देहरादून/पिथौरागढ़, 25 सितंबर 2026।* जनपद प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने आज पिथौरागढ़ के विण बगरैली आंगनबाड़ी केंद्र में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आंगन का मिलन’ अभियान का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और आशा बहनों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान मंत्री ने 8 लाभार्थी बहनों को महालक्ष्मी किट प्रदान की और 4 गर्भवती बहनों की गोदभराई की रस्म पूरी की। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के साथ सामूहिक भोजन भी किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण और प्रारंभिक शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि माताओं, बहनों और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। मातृशक्ति और बच्चों का सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। सरकार का लक्ष्य हर पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

मंत्री ने बताया कि ‘आंगन का मिलन’ अभियान के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को आमजन से और अधिक जोड़ा जाएगा। यह अभियान आज से 7 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों में चलेगा, जिसमें पोषण, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और बाल विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्रों को मौके पर लाभ भी दिया जाएगा।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, मेयर कल्पना देवलाल, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेन्द्र प्रसाद, राज्यमंत्री गणेश भंडारी, प्रदेश मंत्री दीपिका बोहरा सहित विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *