*देहरादून, 25 सितंबर 2026।* सूबे के कैबिनेट मंत्री और श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने कहा है कि श्रीनगर स्थित ऐतिहासिक GNTI स्टेडियम आगामी जनवरी माह तक नए और आधुनिक रूप में बनकर तैयार हो जाएगा। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के तहत स्टेडियम का पुनर्निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है।
डॉ. रावत ने गुरुवार को अपने शासकीय आवास से वर्चुअल माध्यम से विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के मुख्य परियोजना प्रबंधक हिमांशु बडोनी को निर्देश दिए कि जनवरी तक स्टेडियम को पूरी तरह तैयार किया जाए।
उन्होंने कहा कि स्टेडियम में सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि यह फिर से स्थानीय सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों का मुख्य केंद्र बन सके। इसके साथ ही उन्होंने धारी देवी रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने, वहां बहुउद्देशीय पार्किंग और आधुनिक पार्क के निर्माण के निर्देश भी रेलवे अधिकारियों को दिए।
*3 करोड़ की विकास योजनाओं को मंजूरी*
बैठक में श्रीकोट-स्वीत व डुंगरीपंथ क्षेत्र के विकास के लिए लगभग 3 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं को स्वीकृति दी गई। डॉ. रावत ने स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर इन योजनाओं के प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि समय पर प्रस्ताव नहीं भेजने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
*विपिन रावत स्टेडियम में मॉडल पार्किंग बनेगी*
डॉ. रावत ने श्रीकोट स्थित सीडीएस जनरल विपिन रावत स्टेडियम में मॉडल पार्किंग के निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में आने वाले लोगों के लिए आधुनिक पार्किंग व्यवस्था की जाएगी, जिसमें सैकड़ों वाहनों की पार्किंग क्षमता होगी।
इसके अलावा उन्होंने श्रीनगर स्थित उद्यान विभाग के बगीचे और रिवर फ्रंट के सौंदर्यीकरण के निर्देश भी जिला प्रशासन और विभागीय अधिकारियों को दिए।
वर्चुअल बैठक में कमिश्नर गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति भदौरिया, एसडीएम श्रीनगर नूपुर वर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
