*हरिद्वार, 26 सितंबर 2026।* महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल सरकारी योजनाओं के संचालन का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य की बुनियाद रखने का प्रथम आयाम हैं।

मंत्री रेखा आर्या आज हरिद्वार के चांदपुर आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचीं, जहां ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में उन्होंने फेरुपुर न्याय पंचायत के चांदपुर प्रथम, द्वितीय और तृतीय केंद्र की माताओं, बहनों, किशोरियों और बच्चों से संवाद किया।

कार्यक्रम में 202 लाभार्थियों को महालक्ष्मी, तेजस्विनी, रोजगार एवं पोषण किट वितरित की गईं। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा बहनों को सम्मानित भी किया गया। मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी बहनें सरकार और जरूरतमंद परिवारों के बीच सेतु का काम कर रही हैं और योजनाओं को धरातल तक पहुंचा रही हैं।

इस दौरान सात महिलाओं की गोद भराई और नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। मंत्री ने चांदपुर आंगनबाड़ी केंद्र तृतीय का शुभारंभ किया और बच्चों के साथ बैठकर भोजन कर उनकी समस्याएं सुनीं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वावलंबन के लिए कई योजनाएं चल रही हैं, जिनका लाभ अंतिम पंक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, मेयर किरण जैसल, ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी, सीडीओ ललित नारायण मिश्र, डीपीओ अविनाश भदोरिया सहित विभागीय अधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *