*देहरादून -* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में हरियाणा से तीन दिवसीय उत्तराखंड भ्रमण पर आए युवाओं के दल ने भेंट की। युवाओं ने मुख्यमंत्री के साथ अपने भ्रमण के अनुभव साझा किए और राज्य में कनेक्टिविटी, होम-स्टे, पर्यटन विकास, सौर ऊर्जा और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

युवाओं ने कहा कि तीन दिन के भ्रमण के दौरान उन्हें उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों को करीब से जानने का मौका मिला। पर्वतीय राज्य होने के बावजूद यहां सड़क, डिजिटल और रेल कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय कार्य हुआ है। स्वच्छ पर्यावरण, बेहतर वायु गुणवत्ता और होम-स्टे को बढ़ावा देने से स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। वहीं सोलर रूफटॉप योजना और सीमांत क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों को भी उन्होंने सराहा।

मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि अतिथि देवो भवः देवभूमि की संस्कृति है। ऐसे अंतरराज्यीय भ्रमण से देश की सांस्कृतिक विविधता और नवाचारों को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि सरकार अंत्योदय की भावना से विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए काम कर रही है और पिछले 5 वर्षों में करीब 35 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे उत्तराखंड के अनुभवों को अपने दोस्तों और सोशल मीडिया के माध्यम से देशभर में साझा करें और उत्तराखंड के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर की भूमिका निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *