*देहरादून, 2 अक्टूबर।* दून पुलिस ने एक बार फिर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती को उसके परिजनों से मिलाया।

मामला 30 सितंबर का है। चौकी बिंदाल को सूचना मिली कि राजेंद्र नगर, कौलागढ़ रोड पर 18-19 साल की एक युवती लावारिस हालत में घूम रही है। वह मानसिक रूप से विक्षिप्त लग रही थी और अपना नाम-पता तक नहीं बता पा रही थी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित चौकी ले आई। काफी पूछताछ के बाद भी जब वह अपने बारे में कोई जानकारी नहीं दे पाई तो सुरक्षा को देखते हुए उसे वन स्टॉप सेंटर में दाखिल कराया गया।

युवती की शिनाख्त के लिए पुलिस ने कई स्तर पर प्रयास शुरू किए। CCR, खोया-पाया पोर्टल पर उसकी सूचना अपलोड की गई। साथ ही व्हाट्सएप ग्रुप, सोशल मीडिया और आपसी संपर्क के जरिए हरिद्वार, सहारनपुर, पौड़ी और टिहरी समेत सीमावर्ती जिलों की पुलिस से जानकारी साझा की गई।

इसी दौरान पुलिस को इनपुट मिला कि युवती हरिद्वार जनपद के रुड़की क्षेत्र की रहने वाली है। सूचना को पुख्ता करने के बाद पुलिस टीम खुद युवती को साथ लेकर उसके गांव पहुंची। वहां स्थानीय लोगों और परिजनों से सत्यापन के बाद युवती को सकुशल उसके पिता को सौंप दिया गया।

परिजनों ने बताया कि कुछ महीने पहले युवती की मां का निधन हो गया था, जिसके बाद से वह मानसिक रूप से अस्वस्थ रहने लगी। अक्सर बिना बताए घर से निकल जाती है। इस बार वह भटकते हुए हरिद्वार से देहरादून तक पहुंच गई थी। परिवार ने काफी तलाश की लेकिन पता नहीं चला।

बेटी को सही-सलामत वापस पाकर पिता की आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने कहा कि दून पुलिस ने जो मदद की है, उसे वह कभी नहीं भूलेंगे। परिजनों ने कोतवाली कैंट पुलिस और बिंदाल चौकी टीम का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *