*देहरादून -* प्रेमनगर क्षेत्र में मिले शव के मामले में दून पुलिस ने 12 घंटे के अंदर ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है।
दिनांक 03 अक्टूबर को प्रेमनगर क्षेत्र के मांडूवाला में डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में खाई से एक पुरुष का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान मदन मुखिया पुत्र बालेश्वर मुखिया, निवासी जिला सहरसा, बिहार, उम्र 38 वर्ष के रूप में हुई। उसके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। इस पर थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी चेक किए और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। सूचना पर पुलिस ने मांडूवाला बाला सुंदरी मंदिर के पास से अभियुक्त लल्लन शर्मा पुत्र गणेश शर्मा, निवासी सहरसा, बिहार, उम्र 23 वर्ष को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने मृतक की पत्नी मीना देवी के साथ मिलकर हत्या करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने पत्नी मीना देवी, उम्र 30 वर्ष को भी गिरफ्तार कर लिया। निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू झाड़ियों से बरामद किया गया।
पूछताछ में लल्लन ने बताया कि उसका पिछले 2-3 साल से पड़ोसी मदन की पत्नी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दो दिन पहले तिरूपति मंदिर में मजदूरी के दौरान मदन ने उसका फोन चेक किया तो उसमें अपनी पत्नी और लल्लन की फोटो-वीडियो देख ली। मदन ने दोनों को जान से मारने और रिश्ते का खुलासा करने की धमकी दी। इससे डरकर दोनों ने मदन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
योजना के तहत शाम को पत्नी मदन को शराब पिलाने के बहाने डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में ले गई। नशे में होने पर दोनों ने चाकू से गला काटकर हत्या कर दी और शव को खाई में फेंक दिया।
