*खटीमा -* खटीमा में तीन दिवसीय उत्तराखंड आदि रंगोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर देशभर के जनजातीय कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और लोकसंगीत से समृद्ध विरासत की झलक पेश की। CM धामी स्वयं पारंपरिक रंग में रंगे नजर आए, कलाकारों के साथ थिरके और ढोल बजाकर उत्साह बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह रंगोत्सव केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनजातीय समाज के गौरव का उत्सव है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार जनजातीय समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आवास से जोड़कर सशक्त बना रही है। अटल आवास योजना में आय सीमा व्यावहारिक बनाई गई है, ऊधम सिंह नगर में 3 करोड़ से अधिक की सहायता दी गई है। पीएम आवास ग्रामीण में 28% आवेदन जनजातीय परिवारों के हैं, जनमन योजना में 925 आवास बन चुके हैं।
शिक्षा में बाजपुर में 100 बेड बालक छात्रावास, 16 करोड़ से विद्यालय निर्माण और 4 करोड़ से बालिका छात्रावास स्वीकृत है। मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ में एकलव्य विद्यालय खोलने का केंद्रीय मंत्रियों से अनुरोध किया।
केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने खटीमा एकलव्य आवासीय विद्यालय के विस्तार के लिए 10 करोड़ रुपये की घोषणा की। उन्होंने कहा कि 4 करोड़ के हॉस्टल का टेंडर पूरा हो चुका है, यहां 480 विद्यार्थियों की क्षमता होगी।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने उत्तराखंड की थारू, बोक्सा, जौनसारी, राजी जनजातियों की विविधता की सराहना की और CM धामी के नेतृत्व की तारीफ की।
इस दौरान CM ने एवरेस्ट फतह करने वाले मोहन सिंह राणा और टीला सेन को बधाई दी और फिल्म ‘हनुमान अंश’ के कलाकारों को सम्मानित किया।
