*नानकमत्ता -* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत नानकमत्ता पहुंचे। उन्होंने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और परिसर में स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया।
मुख्यमंत्री ने स्वयं साफ-सफाई कर स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने उन्हें सरोपा और स्मृति चिह्न भेंट किया।
CM धामी ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उत्तराखंड धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है, यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, इसलिए बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों और सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता बनाए रखना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा और स्वच्छता की भावना को मजबूती मिली है। पीएम के जन्मदिवस 17 सितंबर से प्रदेश में शुरू ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार के कार्यक्रम हो रहे हैं। स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि जनभागीदारी से इसे निरंतर आगे बढ़ाना चाहिए।
