*देहरादून -* सेवा संकल्प अभियान के तहत चल रहे ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम को लेकर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने सचिवालय में समीक्षा बैठक ली। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सभी जिलों के जिला कार्यक्रम अधिकारी जुड़े।

अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के करीब 20 हजार आंगनवाड़ी केंद्रों में से 13 हजार से अधिक केंद्रों पर ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जा चुका है। इनके माध्यम से पात्र लाभार्थियों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ दिया जा रहा है।

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ और अंत्योदय के संकल्प को ‘आंगन का मिलन’ धरातल पर उतार रहा है। यह केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से मातृशक्ति, किशोरियों और बच्चों को योजनाओं से जोड़ने का माध्यम है। सरकार और लाभार्थी के बीच सीधा संवाद हो रहा है।

उन्होंने निर्देश दिए कि 7 अक्टूबर अंतिम तिथि है, इसलिए शेष केंद्रों पर शत-प्रतिशत लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़कर कार्यक्रम पूरा किया जाए और कोई भी पात्र वंचित न रहे। साथ ही गूगल मैपिंग भी शत-प्रतिशत पूरी की जाए ताकि डिजिटल रिकॉर्ड रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *