*देहरादून / देवप्रयाग -* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर से सड़क मार्ग से देहरादून लौटते हुए हरिद्वार-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इसी दौरान देवप्रयाग के निकट सड़क किनारे स्थित सुलभ शौचालय का उन्होंने औचक निरीक्षण कर लिया।

निरीक्षण के दौरान शौचालय के अंदर स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर मुख्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सार्वजनिक शौचालय की साफ-सफाई और रखरखाव की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिशासी अधिकारी (EO) को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखना संबंधित विभागों और अधिकारियों की सीधी जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। केवल शौचालय बना देना काफी नहीं है, उसका नियमित संचालन, साफ-सफाई और उपयोग योग्य बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है।

उन्होंने कहा कि देवप्रयाग धार्मिक, आध्यात्मिक और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है। संगम नगरी होने के कारण यहां साल भर बड़ी संख्या में चारधाम यात्री, पर्यटक और स्थानीय लोग आते-जाते हैं। ऐसे में राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे स्थित सार्वजनिक शौचालयों का स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक होना बहुत आवश्यक है, ताकि यात्रियों को असुविधा न हो।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सार्वजनिक शौचालयों सहित आमजन से जुड़ी सभी जनसुविधाओं पर नियमित साफ-सफाई, उचित रखरखाव और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि राज्य सरकार जनसुविधाओं को बेहतर बनाने और स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी रखने के लिए प्रतिबद्ध है। आमजन और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, और जनहित के कार्यों में लापरवाही किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *