*श्रीनगर-देवप्रयाग -* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गैरसैंण में विधानसभा सत्र के बाद देहरादून लौटते हुए श्रीनगर-देवप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे पहाड़ी के उपचारात्मक (ट्रीटमेंट) कार्यों का औचक निरीक्षण किया।
CM ने मौके पर चल रहे कार्यों की प्रगति देखी और तैनात इंजीनियरों से वर्तमान स्थिति, अब तक हुई प्रगति और आगे की कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने निर्माण में जुटे इंजीनियरों और श्रमिकों से सीधा संवाद किया, उनका हालचाल जाना और उनके काम की सराहना की। CM ने आत्मीयता से बातचीत की और उनके साथ फोटो भी खिंचवाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में सड़कें सिर्फ आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी की लाइफलाइन हैं। इसलिए NH पर संवेदनशील पहाड़ियों का ट्रीटमेंट प्रभावी ढंग से करना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए, आपसी समन्वय से काम हो और ट्रीटमेंट कार्य टिकाऊ और समय पर पूरे हों।
CM ने कहा कि किसी भी निर्माण की सफलता उसकी गुणवत्ता, समयबद्धता और उपयोगिता से तय होती है। सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने में इंजीनियरों और श्रमिकों का समर्पण और परिश्रम सबसे बड़ी ताकत है, सरकार सड़क सुविधाओं को सुरक्षित, सुगम और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
