*देहरादून -* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए 36 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसमें सड़क निर्माण, पेयजल योजना, मंदिर सौंदर्यीकरण और पुलिस उपकरणों की खरीद शामिल है।
*कहां क्या मंजूर हुआ :*
*1. हरिद्वार जनपद – 9.04 करोड़ :* विधानसभा हरिद्वार के मध्य हरिद्वार क्षेत्र में 5 किमी सीसी मार्ग के लिए 4.21 करोड़ और ज्वालापुर क्षेत्र में 5 किमी सीसी मार्ग के लिए 4.83 करोड़ रुपये।
*2. नैनीताल जनपद – 5 करोड़ :* कालाढूंगी विधानसभा के कोटाबाग ब्लॉक में सरदारनगर-केशोवाला-बन्नाखेड़ा-बैलपड़ाव-कोटाबाग-कालाढूंगी राज्य मार्ग संख्या 61 के किमी 75.2 से 81 तक BM/SDBC द्वारा सुधारीकरण के लिए।
*3. उधमसिंह नगर – 11.87 करोड़ :* गदरपुर विधानसभा में नेतानगर से राधास्वामी सत्संग होते हुए अमरपुर तक सड़क सुधारीकरण और आंतरिक मार्गों पर इंटरलॉकिंग टाइल्स के लिए 6.14 करोड़, तथा श्रीरामपुर से धीमरी ब्लॉक होते हुए चकीमोड़ तक सड़क निर्माण के लिए 5.73 करोड़।
*4. देहरादून शहर – 4.63 करोड़ :* परफॉर्मेंस बेस्ड मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट (PBMC) के तहत मुख्य सड़कों के मेंटेनेंस की निगरानी के लिए। इसके तहत AI और IT आधारित डिजिटल डैशबोर्ड बनाया जाएगा जो ठेकेदार के काम का निष्पक्ष मूल्यांकन करेगा।
*5. अन्य योजनाएं :* रायपुर ब्लॉक की इंदिरा कॉलोनी पेयजल योजना के लिए 3.59 करोड़, पिथौरागढ़ विधानसभा के मंदिर कुमौड के सौंदर्यीकरण के लिए 96 लाख और कुंभ मेले के दौरान एंटी सबोटाज जांच के लिए पुलिस विभाग को 3 बम सूट खरीदने के लिए 1.53 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
