*देहरादून -* एसएसपी देहरादून के निर्देश पर दून पुलिस का सत्यापन अभियान लगातार जारी है। कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने मंगलवार को क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सत्यापन अभियान चलाया।
पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर लोहियानगर, चमनपुरी, ब्रह्मपुरी, मेंहुवाला सहित विभिन्न इलाकों में निवासरत बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों और घरेलू नौकरों का सत्यापन किया। साथ ही पूर्व में आपराधिक घटनाओं में प्रकाश में आए और जमानत पर चल रहे 06 अभियुक्तों का भौतिक सत्यापन भी किया गया और उन्हें दोबारा अपराध में लिप्त न होने की सख्त चेतावनी दी गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने 500 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया। किरायेदारों का सत्यापन न कराने और अन्य अनियमितता पाए जाने पर 37 भवन स्वामियों का 83 पुलिस एक्ट में चालान कर 03 लाख 70 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
इसके अलावा अलग-अलग क्षेत्रों से संदिग्ध रूप से घूम रहे 08 व्यक्तियों को पुलिस थाने लाई है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
