* देहरादून*

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में वनाग्नि, मानसून और चारधाम यात्रा की तैयारियों पर समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्य सचिव, आपदा प्रबंधन सचिव, गढ़वाल कमिश्नर, एसडीआरएफ, एनडीआरफ, वन विभाग, स्वास्थ विभाग, पीडब्ल्यूडी और यात्रा से संबंधित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। इन दिनों प्रदेश में वनाग्नि से स्थिति काफी खराब नजर आ रही है। सीएम ने वनाग्नि को रोकने के लिए प्रदेश में किए जा रहे उपायों पर अधिकारियों को कई निर्देश दिए। सीएम धामी ने लापरवाह अधिकारियों पर एक्शन लेने और सभी को अपनी जिम्मेदारियां का निर्वहन करने के लिए भी सख्त निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वनाग्नि की घटनाओं पर काफी हद तक रोक लग गई है और जल्द ही वनों में लगी आग को बुझा लिया जाएगा। सचिवालय में हुई इस बैठक में मानसून की तैयारियों की समीक्षा की गई। आपको बता दें कि मौसम केंद्र ने इस मानसून सीजन में सामान्य से 60 फीसदी अधिक बारिश का अनुमान लगाया है। चार धाम यात्रा की तैयारी को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों से कहा कि यह यात्रा हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण है और देश-विदेश के लोग आस्था और श्रद्धा के साथ चारों धामों में दर्शन करने के लिए आते हैं। चारधाम यात्रा हमारे लिए उत्सव जैसा है और तीर्थ यात्रियों को हर संभव बेहतर सुविधाएं मुहैया कराई जाए। आपदा प्रबंधन और पेयजल विभाग के अधिकारियों को भी सीएम धामी ने कई निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *