*देहरादून, 30 जुलाई 2026।* उत्तराखंड में अब राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 एनईपी-2020 के सभी प्रावधान शत-प्रतिशत लागू किए जाएंगे। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में राज्य उच्च शिक्षा परिषद की 13वीं बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में एक दर्जन से अधिक प्रस्ताव पारित किए गए।
डॉ. रावत ने बताया कि बैठक में देवभूमि उद्यमिता कार्यक्रम, संकाय विकास कार्यक्रम, भारतीय ज्ञान प्रणाली, पीएम-ऊषा, निजी विश्वविद्यालय मॉडल अधिनियम और समर्थ पोर्टल के उपयोग पर विस्तृत चर्चा हुई। इसके अलावा कैरियर एडवांसमेंट स्कीम, भारत दर्शन योजना, महाविद्यालयों में नवीन पाठ्यक्रम, परीक्षा परिणामों की शिकायतों का समयबद्ध निवारण, स्वायत्तशासी एवं आदर्श महाविद्यालयों का निरीक्षण और एंटी ड्रग सेल के गठन को भी मंजूरी दी गई।
*हर महीने होगी बैठक, होंगे सेमिनार और तिरंगा यात्रा*
उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि अब परिषद की बैठक हर महीने आयोजित होगी। इसमें शिक्षा की गुणवत्ता, परीक्षा की सुचिता, सांस्कृतिक-खेल प्रतियोगिताओं और नशामुक्ति अभियान पर निर्णय लिए जाएंगे।
उन्होंने घोषणा की कि अगले 6 महीने में हर विश्वविद्यालय 5-5 और हर महाविद्यालय 2-2 सेमिनार आयोजित करेगा। इनमें राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, सांसद, प्रदेश के मंत्री और विषय विशेषज्ञ आमंत्रित होंगे। साथ ही प्रत्येक विश्वविद्यालय व महाविद्यालय में मां सरस्वती और स्वामी विवेकानंद की मूर्ति स्थापित की जाएगी।
10 से 15 अगस्त तक सभी शिक्षण संस्थानों में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसमें छात्र, शिक्षक और कर्मचारी प्रतिभाग करेंगे।
*बैठक में ये रहे मौजूद*
बैठक में उच्च शिक्षा उन्नयन समिति के उपाध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र भसीन, जयपाल चौहान, पद्मभूषण डॉ. अनिल जोशी, सचिव उच्च शिक्षा बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, कुलपति उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय प्रो. तृप्ता ठाकुर, कुलपति एचएनबी चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय प्रो. भानु दुग्गल, कुलपति श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय प्रो. अम्बरीश महाजन, अपर सचिव मनुज गोयल, निदेशक उच्च शिक्षा वी.एन. खाली, नोडल पीएम-ऊषा डॉ. अनीता रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
