*पेयजल-जल जीवन मिशन की शिकायतों पर CM नाराज, शून्य कार्यवाही वाले अफसरों को कारण बताओ नोटिस*

 *हर सोमवार समाधान दिवस: जन शिकायतों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई*

*देहरादून, 29 जुलाई 2026।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सचिवालय में सीएम हेल्पलाइन-1905 की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि हेल्पलाइन पर प्राप्त हर शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लापरवाही और उदासीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं होगी।

बैठक में मुख्यमंत्री ने पेयजल विभाग और जल जीवन मिशन से जुड़ी अधिक संख्या में प्राप्त शिकायतों पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सभी लंबित शिकायतों का प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश दिए।

*शून्य कार्यवाही पर कारण बताओ नोटिस*

सीएम धामी ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन पर जिन अधिकारियों की कार्यवाही शून्य प्रतिशत है, विभागाध्यक्ष उन्हें तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करें। संतोषजनक जवाब न मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि समय पर निस्तारित होने वाली शिकायतों की नियमित समीक्षा विभागाध्यक्ष और जिलाधिकारी स्तर पर हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर सोमवार को जनपद स्तर पर जिलाधिकारी, मंडल स्तर पर मंडलायुक्त और शासन स्तर पर सभी सचिव समाधान दिवस के जरिए जन समस्याएं सुनें और उनका समाधान करें। समाधान दिवस को प्रभावी जनसेवा का मंच बनाया जाए।

 

*सेवानिवृत्ति पर तुरंत पेंशन और अन्य निर्देश*

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कार्मिकों को सेवानिवृत्ति के बाद पहले महीने से ही पेंशन मिलनी शुरू हो जाए। इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागाध्यक्ष की होगी। उन्होंने आपदा प्रबंधन, लोक निर्माण, पर्यटन, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग के अधिकारियों को चारधाम यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाएं मजबूत करने को कहा। साथ ही भूमि विवादों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।

*अब तक 67 हजार से अधिक शिकायतें*

सचिव डॉ. पंकज पांडेय ने बताया कि 18 अप्रैल से 28 जुलाई 2026 तक हेल्पलाइन पर 67,843 शिकायतें मिलीं। इनमें 20,461 का पूर्ण और 31,363 का आंशिक निस्तारण हुआ। 4,061 शिकायतें लंबित हैं। स्पेशल क्लोज की दर घटकर 5.5 प्रतिशत रह गई है।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा, टिहरी, हरिद्वार और उधम सिंह नगर के शिकायतकर्ताओं से फोन पर बात कर निस्तारण की स्थिति जानी। अधिकांश शिकायतकर्ताओं ने समाधान पर संतुष्टि जताई और आभार व्यक्त किया।

बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, एल. फैनई, डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सभी सचिव, विभागाध्यक्ष और वर्चुअल माध्यम से सभी जिलाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *