*देहरादून, 01 अगस्त 2026।* एसएसपी देहरादून के निर्देश पर कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत करोड़ों की जमीन हड़पने के षडयंत्र में शामिल दूसरे आरोपी को सहारनपुर से गिरफ्तार किया है।
कोतवाली पटेलनगर में वादी राहुल देव ने तहरीर देकर बताया कि उनके ममेरे दादा स्व. केवल कृष्ण ने वर्ष 2009 में वसीयत के माध्यम से अपनी संपत्ति उनके नाम की थी। वर्ष 2016 में दादा के देहांत के बाद 2024 में संपत्ति उनके नाम दर्ज भी हुई थी।
आरोप है कि बबीता देवी पत्नी टेक सिंह ने अपने साथियों राजकमल पुत्र रामपाल और मो. इनाम कुरैशी के साथ मिलकर मृत दादा के नाम से वर्ष 2025 का फर्जी अधिकार पत्र/एटार्नी बना लिया। इसमें मृत व्यक्ति की जगह किसी अन्य व्यक्ति को खड़ा कर जमीन पर स्टे के लिए आपत्ति पत्र लगा दिया गया। इस फर्जी दस्तावेज पर राजकमल और मो. इनाम गवाह बने थे।
वादी की तहरीर पर 17 अप्रैल 2026 को कोतवाली पटेलनगर में धारा 318(4)/336(3)/338/340(4)/61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसपी के निर्देश पर विवेचना के दौरान रजिस्ट्री, राजस्व विभाग और बैंकों से दस्तावेज जुटाए गए। साक्ष्य मिलने पर मुख्य आरोपी बबीता देवी को 01 जून 2026 को सहारनपुर से गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
लगातार दबिश के बाद 31 जुलाई 2026 को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर फरार आरोपी राजकमल पुत्र स्व. रामपाल को जय कॉलोनी, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया।
*गिरफ्तार अभियुक्त*
1. *राजकमल पुत्र स्व. रामपाल* – निवासी गली नंबर 3, निकट हसनपुर चुंगी, दिल्ली रोड, सहारनपुर। मूल पता: ग्राम बेरखेड़ी हिंदू, थाना तीतरों, सहारनपुर। उम्र 53 वर्ष
2. *पूर्व में गिरफ्तार: बबीता देवी पत्नी टेक सिंह* – निवासी ग्राम बीराखेडी, चौकी धलापडा, थाना गंगोह, सहारनपुर। उम्र 52 वर्ष
