*देहरादून, 01 अगस्त 2026।* एसएसपी देहरादून के निर्देश पर कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने एम्स परिसर में हुई लाखों की चोरी का खुलासा करते हुए आंध्र प्रदेश के शातिर अंतर्राज्यीय चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी से 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं।
20 जुलाई को वादी रविन्द्र तिवारी ने शिकायत दी कि एम्स आवासीय परिसर में उनके फ्लैट का ताला तोड़कर जेवर और 60 हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से 31 जुलाई को काली माता मंदिर के पास से आरोपी मंडलपु शिवा अंजनेयुलू को दबोचा।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गंगा स्नान के बहाने आया था और रैकी कर बंद घरों को निशाना बनाता था। उसने 20 जुलाई को एम्स और 27 जुलाई को राजकोट, गुजरात के सिविल अस्पताल परिसर में चोरी की थी। राजकोट पुलिस से पुष्टि में वहां भी मुकदमा दर्ज मिला।
आरोपी अस्पतालों में बीमार बनकर रैकी करता और होटलों में ठहरने के लिए फर्जी आधार कार्ड इस्तेमाल करता था। वह पूर्व में विजयवाड़ा और गुंटूर में चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
*बरामदगी*: मंगलसूत्र, हार, अंगूठी, पायल, बिछुवे सहित 50 लाख की ज्वैलरी, 3 फर्जी आधार कार्ड, पेचकस
*गिरफ्तार*: मंडलपु शिवा अंजनेयुलू, निवासी गुंटूर, आंध्र प्रदेश, उम्र 43 वर्ष
