*देहरादून, 01 अगस्त 2026।* केंद्र सरकार ने कर हस्तांतरण प्रक्रिया के तहत उत्तराखण्ड राज्य को 1244 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की है। इस वित्तीय सहायता के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार उत्तराखण्ड के समग्र विकास के लिए निरंतर सहयोग कर रही है। डबल इंजन की सरकार के प्रयासों से राज्य में विकास कार्यों को नई गति मिली है। केंद्र से प्राप्त यह राशि प्रदेश की वित्तीय स्थिति को और मजबूत करेगी।
उन्होंने बताया कि इस धनराशि का उपयोग राज्य में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के साथ ही नई योजनाओं के संचालन में किया जाएगा। इससे सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, ग्रामीण विकास और सीमांत क्षेत्र विकास जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस राशि का पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से उपयोग सुनिश्चित करेगी, ताकि प्रदेश के अंतिम छोर तक बसे व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे। सरकार का प्रयास है कि हर क्षेत्र का संतुलित विकास हो और उत्तराखण्ड आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से आगे बढ़े।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की साझेदारी से उत्तराखण्ड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और आने वाले समय में भी राज्य को केंद्र का पूरा सहयोग मिलता रहेगा।
