*देहरादून, 01 अगस्त 2026।* स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले ‘एट होम’ रिसेप्शन में उत्तराखण्ड से अल्मोड़ा की गर्विता भाकुनी का चयन हुआ है। गर्विता लोअर मॉल रोड, अल्मोड़ा की निवासी हैं और इस समारोह में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी।
देशभर से कुल पांच युवा आपदा मित्र कैडेट्स का चयन किया गया है। गर्विता राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की युवा आपदा मित्र कैडेट हैं। उत्तराखण्ड के अलावा कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मिजोरम तथा नागालैंड से एक-एक युवा आपदा मित्र कैडेट का चयन हुआ है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गर्विता को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उत्तराखण्ड के युवाओं की सेवा भावना, अनुशासन और आपदा प्रबंधन के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रशिक्षित युवा स्वयंसेवक राहत और बचाव कार्यों को त्वरित और प्रभावी बना सकते हैं। इसी सोच के साथ राज्य सरकार युवाओं को आपदा प्रबंधन तंत्र से जोड़ रही है।
सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि एनडीएमए के सहयोग से संचालित युवा आपदा मित्र योजना के तहत उत्तराखण्ड में 4,310 युवाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसमें एनसीसी, एनएसएस, मेरा युवा भारत और भारत स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवक शामिल हैं। अब तक लगभग 2,700 युवाओं को खोज एवं बचाव, प्राथमिक उपचार, निकासी और आपदा जोखिम न्यूनीकरण का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
*गर्विता ने कहा*
राष्ट्रपति भवन में उत्तराखण्ड का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गौरव की बात है। युवा आपदा मित्र के रूप में मिले प्रशिक्षण ने मुझे समाज सेवा का आत्मविश्वास दिया है। मैं भविष्य में भी आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में कार्य करती रहूंगी और अन्य युवाओं को भी इससे जोड़ने के लिए प्रेरित करूंगी।
