*देहरादून।* चमोली जिले के ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमकनाला में अत्यधिक जलप्रवाह के कारण बेली ब्रिज बह गया। घटना का मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन से जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने निचले क्षेत्रों में विशेष एहतियात बरतने, संवेदनशील इलाकों में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और स्थिति सामान्य होने तक प्रभावित मार्ग पर आवाजाही प्रतिबंधित रखने को कहा।
सीएम धामी ने कहा कि बेली ब्रिज बहने से आसपास के गांवों में राशन, दवाइयों और अन्य जरूरी सामान की आपूर्ति प्रभावित न हो। जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों से आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क किया जाए और आवश्यकता पर सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाए।
*SEOC से 24×7 निगरानी*
सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि SEOC से प्रदेश के सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। 123 बीआरटीएफ द्वारा निर्मित बेली ब्रिज तेज जलप्रवाह में बह गया है। एक व्यक्ति और एक कैंपर वाहन के बहने की सूचना है।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके के लिए रवाना कर दी गई हैं। सुरक्षा के मद्देनजर ज्योतिर्मठ-मलारी मार्ग पर मलारी की ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम में नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहें और मार्ग सामान्य होने तक यात्रा न करें।
