*देहरादून।* प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने फ्लैश फ्लड को लेकर चेतावनी जारी की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के हाइड्रोमेट डिवीजन स्थित फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल ने 11 अगस्त 2026 शाम 5:30 बजे तक के लिए बुलेटिन जारी किया है।

बुलेटिन के अनुसार उत्तराखंड के *12 जिलों* अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी तथा पौड़ी गढ़वाल में कम से मध्यम स्तर के फ्लैश फ्लड का जोखिम है। अत्यधिक संतृप्त मिट्टी और निचले क्षेत्रों में बारिश के कारण सतही जल बहाव व जलभराव की स्थिति बन सकती है।

*सचिव आपदा प्रबंधन की अपील*

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने कहा कि राज्य आपदा प्रबंधन तंत्र अलर्ट मोड पर है। SEOC से 24×7 निगरानी की जा रही है और सभी जिला आपातकालीन केंद्रों से समन्वय बना हुआ है।

उन्होंने जिला प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और आपात स्थिति में तुरंत राहत-बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

विनोद कुमार सुमन ने आमजन और पर्यटकों से अपील की कि खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा न करें। नदी, नालों, गदेरों और बरसाती जलधाराओं के पास न जाएं। पहाड़ी क्षेत्रों में छोटी जलधाराओं में भी अचानक तेज जलप्रवाह आ सकता है। पुल-पुलियों और जलभराव वाले क्षेत्रों को पार करने से बचें। यात्रा से पहले मौसम और सड़क की स्थिति जरूर जांच लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *