*देहरादून।* मुख्यमंत्री *पुष्कर सिंह धामी* ने प्रदेश में अवस्थापना विकास और आपदा प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण के लिए *₹74 करोड़* की वित्तीय स्वीकृति दी है। इस धनराशि से स्कूलों की मरम्मत, हेलीपैड निर्माण, बाढ़ सुरक्षा, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और आपदा प्रबंधन के काम किए जाएंगे।

सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री ने *बागेश्वर के बेडा-मझड़ा करीमपुर में हेलीपैड* निर्माण के लिए *₹8.91 करोड़* और *गंगोत्री धाम में सीवर लाइन व सार्वजनिक शौचालयों* के लिए *₹4.99 करोड़* स्वीकृत किए हैं।

आपदा से क्षतिग्रस्त स्कूलों को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए सीएम ने *माध्यमिक शिक्षा के लिए ₹15 करोड़ और प्रारम्भिक शिक्षा के लिए ₹15 करोड़* यानी कुल *₹30 करोड़* राज्य आपदा मोचन निधि से मंजूर किए हैं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित कर शिक्षण कार्य को सुचारू रखना है।

इसके अलावा *उत्तरकाशी, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चमोली, चम्पावत, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और देहरादून* जिलों को राहत, बचाव और पुनर्निर्माण के लिए *₹1.08 करोड़* दिए गए हैं।

*बाढ़ सुरक्षा* के तहत उधमसिंहनगर के खटीमा के 7 गांवों के लिए *₹4.01 करोड़* और भारत-नेपाल सीमा पर जगबूढा नदी के पास सिसैया, मेलाघाट व SSB कैंप की सुरक्षा के लिए *₹4.62 करोड़* स्वीकृत हुए हैं।

*चमोली* में आपदा से क्षतिग्रस्त मार्गों को खोलने और मलबा हटाने के लिए *₹3.18 करोड़*, हरबर्टपुर की ठोस अपशिष्ट परियोजना के लिए *₹3.27 करोड़* और अभियोजन कार्यालय के लिए *₹8.89 करोड़* भी मंजूर किए गए हैं।

आपदा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए भूकंप पूर्व चेतावनी यंत्रों के रख-रखाव को *₹2 करोड़*, सैटेलाइट फोन रिचार्ज को *₹1.90 करोड़* और जोशीमठ कंट्रोल रूम के लिए *₹40 लाख* की स्वीकृति दी गई है।

*शहीद के नाम होगा मार्ग*

मुख्यमंत्री ने *चौबटाखाल विधानसभा* के *चलकुडिया-मसमोली-नौखोली मोटर मार्ग* का नाम *शहीद मंदीप सिंह नेगी मोटर मार्ग* रखे जाने का अनुमोदन भी प्रदान किया।

सरकार का कहना है कि इस स्वीकृति से प्रदेश में विकास कार्यों के साथ-साथ आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेजी से पूरे होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *