देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज अपने शासकीय आवास पर तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश दिया। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा लगाकर इस जनभागीदारी अभियान को सफल बनाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और गौरव का उत्सव है। तिरंगा देश की अस्मिता, स्वाभिमान, त्याग और बलिदान का प्रतीक है और प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रध्वज के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ यह अभियान आज जन-जन का अभियान बन चुका है और यह हर नागरिक को राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ता है। उत्तराखण्ड की वीरभूमि ने देश की रक्षा में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है, इसलिए प्रदेश का हर परिवार उत्साहपूर्वक इस अभियान में भाग लेकर राष्ट्रभक्ति की गौरवशाली परंपरा को मजबूत करे।
मुख्यमंत्री धामी ने लोगों से तिरंगा संहिता का पालन करने और अपने परिवार, बच्चों व युवाओं को भी तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रप्रेम के संस्कार देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आइए हम सब मिलकर ‘हर घर तिरंगा’ को जनआंदोलन बनाएं और तिरंगे के सम्मान के साथ राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को और सुदृढ़ करें।
