*देहरादून 13 अगस्त, 2026*
मुख्यमंत्री *पुष्कर सिंह धामी* गुरुवार देर रात चमोली के मायापुर-पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की सूचना मिलते ही राज्य आपदा परिचालन केंद्र पहुंचे। वहां से उन्होंने पूरे राहत एवं बचाव अभियान की कमान संभालते हुए अधिकारियों को युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू किए गए मजदूरों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और मनोबल बढ़ाया। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके उपचार और पुनर्वास की पूरी व्यवस्था करेगी।
धामी ने आपदा केंद्र से चमोली प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना और अन्य एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार संपर्क कर पल-पल की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि टनल में फंसे हर व्यक्ति को सुरक्षित निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
ताजा जानकारी के अनुसार सुरंग में कुल 22 लोग फंसे थे, जिनमें से *16 का सुरक्षित रेस्क्यू* किया जा चुका है। शेष लोगों को निकालने का अभियान जारी है।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी चमोली *गौरव कुमार* से फोन पर बात कर राहत कार्यों की जानकारी ली और सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। डिप्टी सीएमओ को घायलों को सर्वोत्तम इलाज देने और जरूरत पर हेलीकॉप्टर से एम्स या उच्च संस्थान में रेफर करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जब तक सभी लोग सुरक्षित नहीं निकल जाते, राहत-बचाव अभियान पूरी ताकत से जारी रहेगा। घटनास्थल पर जिलाधिकारी स्वयं निगरानी कर रहे हैं।
बैठक में मुख्य सचिव *आनंद बर्द्धन*, सचिव *विनोद कुमार सुमन* सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
