चमोली 14 अगस्त, 2026
मायापुर-पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टीएचडीसी गेस्ट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने टनल में फंसे शेष तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने और सभी उपलब्ध संसाधनों व तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए।
धामी ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस, प्रशासन और टीएचडीसी की टीमों के बीच बेहतर समन्वय और रेस्क्यू टीमों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा। साथ ही टनल की तकनीकी स्थिति, जल निकासी और मलबा हटाने के कार्य पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने हादसे में मृतकों के परिजनों को नियमानुसार अनुमन्य मुआवजा और सहायता राशि शीघ्र देने तथा घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कैबिनेट मंत्री एवं प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, सचिव आपदा विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
