*देहरादून, 15 अगस्त 2026*
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण किया।
ध्वजारोहण से पहले मुख्यमंत्री और उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सभी को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर बलिदानियों के सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के सपने को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश साकार कर रहा है। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए हर नागरिक को अपने कार्यक्षेत्र में निष्ठा और समर्पण से योगदान देना होगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड के समग्र, संतुलित और सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ प्रदेश के हर क्षेत्र और हर वर्ग तक पहुंचे। सभी के सहयोग से उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराता है।
