*देहरादून।* मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में कुंभ मेला-2027 के दौरान आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर बैठक की। बैठक में जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को संभावित आपात स्थितियों के लिए पहले से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने कहा कि कुंभ क्षेत्र के लिए आपातकालीन कार्ययोजना और सेक्टरवाइज निकासी योजना तैयार की जाए। क्राउड मैनेजमेंट, ट्रैफिक प्लान, इवेक्यूएशन और फायर कंट्रोल को लेकर समेकित आपदा प्रबंधन योजना बनाई जाए। इसमें भूकंप, बाढ़, सीबीआरएन जैसी आपदाओं के लिए स्पष्ट एसओपी तैयार करने को कहा गया।
उन्होंने बाढ़, भूकंप और सीबीआरएन आपदा के लिए आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता, रखरखाव और कार्मिकों के प्रशिक्षण पर जोर दिया। गैप का आंकलन कर एसडीआरएफ के माध्यम से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पीक टाइम को ध्यान में रखते हुए नियमित मॉक ड्रिल और वैकल्पिक मार्गों का परीक्षण करने को कहा।
मुख्य सचिव ने एआई व आधुनिक तकनीक के उपयोग, कम्युनिकेशन मैनेजमेंट मजबूत करने, मोबाइल नेटवर्क क्षमता बढ़ाने और अफवाह रोकथाम की व्यवस्था विकसित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कंट्रोल रूम को मजबूत कर सभी विभागों के साथ समन्वय से काम करने को कहा।
बैठक में सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, विनय शंकर पाण्डेय, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप, मेलाधिकारी सोनिका सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
