*अल्मोड़ा, 21 अगस्त।* मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना (MUY) के तहत अल्मोड़ा विकास भवन सभागार में आयोजित MUY-चौपाल में महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का आह्वान किया।
मंत्री ने कहा कि MUY-चौपाल केवल एक प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं और महिलाओं के स्वाभिमान और स्वावलंबन का अभियान है। अल्मोड़ा की ऐतिहासिक पहचान को अब उद्यमिता के क्षेत्र में भी स्थापित करना है। सरकार का लक्ष्य युवाओं को ‘जॉब सीकर’ से ‘जॉब क्रिएटर’ बनाना है।
उन्होंने कहा कि चौपाल के माध्यम से योजना की जानकारी, तकनीकी संसाधन और सुविधाएं गांव-गांव तक पहुंचाई जाएंगी, ताकि युवा स्थानीय संसाधनों के आधार पर व्यवसाय शुरू कर सकें।
*मातृशक्ति और पलायन पर फोकस*
मंत्री ने कहा कि महिला समूहों, स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प के जरिए मातृशक्ति को आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। जब गांव की महिला मजबूत होगी, तो परिवार और समाज भी मजबूत होगा। पहाड़ की जवानी और पहाड़ का पानी पहाड़ के ही काम आए, इसके लिए स्थानीय स्तर पर ही रोजगार सृजित करना होगा।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के लाभ में किसी तरह की शिथिलता न हो और कागजी प्रक्रिया को सरल कर अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया जाए।
कार्यक्रम में मंत्री ने मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ देहरादून से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया था, जिससे प्रदेश के सभी जनपद वर्चुअली जुड़े थे।
