महिला, युवा और ग्रामीण उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता : CM धामी

*देहरादून, 21 अगस्त।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में “मुख्यमंत्री उद्यमशाला चौपाल-2026” का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत अब तक प्रदेश में 13 हजार से अधिक उद्यमियों को सहयोग दिया गया है, जिसमें 8 हजार से अधिक महिला उद्यमी और स्वयं सहायता समूहों की सदस्य शामिल हैं। उन्होंने घोषणा की कि देहरादून के IT पार्क स्थित 13 गांव में प्रदेश के सभी जनपदों के स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के विपणन के लिए राज्य स्तरीय विपणन केंद्र खोला जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवा को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। उद्यमशाला योजना के जरिए ग्रामीण उद्यमियों को प्रशिक्षण, आर्थिक सहयोग, तकनीकी मार्गदर्शन और बाजार से जोड़ने में मदद दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 5 लाख से अधिक महिलाओं को 70 हजार से अधिक SHG से जोड़ा गया है और 3 लाख से अधिक बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं। पहाड़ी मसाले, मंडुवा, झंगोरा, शहद, अचार, हस्तशिल्प, ऊनी उत्पादों को महिलाएं व्यवसाय का रूप दे रही हैं।

सरकार ने गांव के उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ अंब्रेला ब्रांड तैयार किया है। ग्रामीण हाट, कलेक्शन सेंटर और एग्री सर्विस सेंटरों को मजबूत किया जा रहा है।

सीएम ने कहा कि ग्रामीण उद्यमिता का बड़ा उद्देश्य पलायन रोकना है। ‘ग्रामोत्थान परियोजना (REAP)’ के माध्यम से अति-निर्धन परिवारों को आजीविका से जोड़ा जा रहा है। सभी 13 जनपदों में उद्यमशाला चौपाल और प्रचार वैन गांव-गांव भेजी जा रही हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लखपति दीदियों और महिला उद्यमियों को सम्मानित किया तथा आजीविका मिशन की पुस्तक, वार्षिक रिपोर्ट, कृषि क्लस्टर प्रशिक्षण मॉड्यूल और एनीमिया रोकथाम मॉड्यूल का विमोचन किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, सचिव ग्राम्य विकास धीराज गर्ब्याल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *