*देहरादून/अल्मोड़ा, 21 अगस्त।* पलायन रोकने और रिवर्स पलायन को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने बड़ा अभियान शुरू किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्य सेवक सदन में मुख्यमंत्री उद्यमशाला चौपाल-2026 का शुभारंभ किया, वहीं मुख्यमंत्री आवास में पलायन निवारण आयोग की बैठक ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्यमशाला योजना से अब तक 13 हजार से अधिक उद्यमियों और 8 हजार से अधिक महिला उद्यमियों को जोड़ा गया है। प्रदेश में 70 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से 5 लाख से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं, जिनमें से 3 लाख लखपति दीदी बन चुकी हैं।
सीएम ने घोषणा की कि देहरादून के IT पार्क के 13 गांव में SHG उत्पादों के लिए राज्य स्तरीय विपणन केंद्र खोला जाएगा। साथ ही ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड से पहाड़ी उत्पादों को ग्लोबल बाजार मिलेगा।
वहीं अल्मोड़ा में आयोजित MUY-चौपाल में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं और मातृशक्ति को स्वावलंबी बनाने का अभियान है। सरकार का लक्ष्य युवा को जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर बनाना है। उन्होंने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पलायन आयोग की बैठक में सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग समन्वय से काम करें, योजनाओं की प्रक्रिया सरल हो और लोगों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक कौशल को रोजगार से जोड़कर गांवों में ही बेहतर आजीविका और सुविधाएं विकसित की जाएं।
