*देहरादून | 22 अगस्त 2026*
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को प्रदेश के युवाओं से जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। अब तक 2.5 लाख से अधिक 11वीं-12वीं के विद्यार्थियों ने पोर्टल पर अपने निबंध और सुझाव भेजे हैं।
सीएम धामी ने 10 अगस्त को करीब 3 लाख छात्रों से ऑनलाइन संवाद कर उनसे पूछा था कि वे आने वाले वर्षों में उत्तराखंड को किस रूप में देखना चाहते हैं। इसके बाद सरकारी और निजी स्कूलों के छात्रों ने पर्यटन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक, पर्यावरण समेत 8 प्रमुख विषयों पर अपना विजन साझा किया।
अभियान के तहत 140 श्रेष्ठ विचारों का चयन किया जाएगा। इन चयनित छात्रों को शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और सचिवों के साथ चर्चा का मौका मिलेगा, वहीं मुख्यमंत्री स्वयं उनसे संवाद करेंगे। साथ ही छात्रों को करियर गाइडेंस और पुरस्कार भी दिए जाएंगे। सभी प्रतिभागियों को डिजिटल सर्टिफिकेट दिया जा रहा है।
निबंध जमा करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त है। सीएम धामी ने कहा कि युवाओं के व्यावहारिक सुझावों को राज्य की नीतियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं में शामिल किया जाएगा, ताकि विकसित उत्तराखंड के सपने को साकार किया जा सके।
