*देहरादून, 27 अगस्त -* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को सहारनपुर चौक, देहरादून में टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत कृष्णा गिरी महाराज, महंत दिगम्बर भरत गिरी महाराज और टपकेश्वर सेवा दल के अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया।
सीएम ने भगवान टपकेश्वर महादेव से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि देवभूमि की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। ऐसे आयोजन समाज में आस्था, एकता और सद्भाव को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ते हैं।
