*देहरादून।* रक्षाबंधन के अवसर पर बुधवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में अनोखा नजारा देखने को मिला। प्रदेश के कोने-कोने से पहुंची सैकड़ों बहनों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को रक्षा सूत्र बांधा और उनके स्वस्थ व दीर्घायु जीवन की कामना की।
बहनों के इस स्नेह से अभिभूत मुख्यमंत्री ने सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व केवल धागे का नहीं, बल्कि विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। प्रदेश की मातृशक्ति का आशीर्वाद ही उन्हें राज्य की सेवा के लिए नई ऊर्जा देता है।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का ऐतिहासिक फैसला लिया गया है। उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी, मातृ वंदना जैसी योजनाओं ने महिलाओं की जिंदगी बदली है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में भी महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है। राज्य में 3 लाख 09 हजार से अधिक बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं, जो स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती गीता धामी, विधायक सविता कपूर, आशा नौटियाल, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति मौजूद रही।
