हल्द्वानी, 29 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय के प्रथम चरण के 43.50 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया और पहले शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया।
इस दौरान सीएम ने राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को देवभूमि खेल रत्न, द्रोणाचार्य, लाइफ टाइम अचीवमेंट और हिमालय रत्न पुरस्कारों से सम्मानित किया। उदीयमान खिलाड़ी योजना के तहत DBT से छात्रवृत्ति भी दी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विश्वविद्यालय प्रदेश को ‘खेलभूमि’ बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। अब खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। सरकार 2027 के राष्ट्रीय खेलों और ओलंपिक-2036 के लिए विशेष रोडमैप पर काम कर रही है। नई खेल नीति-2026 का ड्राफ्ट तैयार है और 23 हाईटेक अकादमियां बनाई जा रही हैं।
