देहरादून, 31 अगस्त। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि युवा शक्ति के संकल्प से ही नशा मुक्त उत्तराखंड का लक्ष्य साकार होगा। वे रविवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पित्थूवाला में 100 दिवसीय नशामुक्ति महाभियान कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को शपथ दिला रहे थे।
डॉ. रावत ने कहा कि नशा व्यक्ति ही नहीं पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति में बाधक है। युवाओं से उन्होंने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ ही समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और विद्यालयों में 100 दिन तक नशामुक्ति महाभियान चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम में धर्मपुर विधायक विनोद चमोली, लैंसडाउन विधायक महंत दिलीप रावत, निदेशक तकनीकी शिक्षा देशराज सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।
