देहरादून, 1 सितंबर। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण ने हरिपुर कला, ऋषिकेश क्षेत्र में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जा रहे अनाधिकृत निर्माण पर सीलिंग की कार्रवाई की है।

प्राधिकरण के संज्ञान में आया था कि सक्षम अग्रवाल और विकास अग्रवाल द्वारा स्वीकृत नक्शे से हटकर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। टीम ने मौके पर निरीक्षण किया तो निर्माण स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप नहीं मिला। पूर्व में निर्देश दिए जाने के बावजूद निर्माण जारी रहने पर नियमानुसार स्थल को सील कर दिया गया।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि MDDA क्षेत्र में स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने के लिए लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। भवन निर्माण नियमों का पालन हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है और विचलन को किसी भी स्थिति में प्रोत्साहित नहीं किया जाएगा।

सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि नक्शे से विचलन कर हो रहे निर्माणों पर नियमानुसार सीलिंग समेत अन्य कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्राधिकरण का उद्देश्य शहर में सुनियोजित और व्यवस्थित विकास को बढ़ावा देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *