देहरादून, 1 सितंबर। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों और शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद से शासन स्तर पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा की।

मुख्य सचिव ने सभी विभागों को लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को चिन्हित कर समयसीमा में पूरा किया जाए और जनपदों की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों से लंबे समय से बिना सूचना अनुपस्थित चिकित्सकों की सूची उपलब्ध कराने और उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद स्तरीय समितियों और डिस्ट्रिक्ट टेलीकॉम कमेटी की बैठकें नियमित आयोजित करने और ई-ऑफिस प्रणाली को गंभीरता से लागू करने को कहा ताकि फाइलों के निस्तारण में तेजी आए।

बैठक में विभिन्न विभागों के रिक्त पदों को भरने, भूमि हस्तांतरण, परियोजनाओं की स्वीकृति, बजट उपलब्धता और पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति पर चर्चा हुई। इस दौरान CEO-BEO की उपलब्धता 15 दिन में सुनिश्चित करने और SC/ST व विधवा महिलाओं की बेटियों के विवाह सहायता आवेदन में कट-ऑफ तिथि की समस्या को दूर करने के सुझाव पर भी विचार किया गया।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, एल. फैनाई सहित अन्य सचिव और सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *