मसूरी, 2 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को शहीद स्थल झूलाघर मसूरी में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए मसूरी गोलीकांड के शहीद राज्य आंदोलनकारियों को नमन किया।

सीएम ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, तप, त्याग और बलिदान से उत्तराखंड राज्य का सपना साकार हुआ है। 1994 में मसूरी में खटीमा गोलीकांड के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे आंदोलनकारियों का बलिदान हर उत्तराखंडवासी की स्मृति में अमर रहेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार ने आंदोलनकारियों के सम्मान के लिए 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, पहचान पत्र, 98 आंदोलनकारियों को सेवायोजन, पेंशन में बढ़ोतरी और बच्चों को निशुल्क शिक्षा व बसों में निशुल्क यात्रा जैसी सुविधाएं दी हैं। शहीद परिवारों की पेंशन 3 हजार से बढ़ाकर 5500, जेल गए व घायल आंदोलनकारियों की 6 हजार से 7 हजार और शैयाग्रस्त दिव्यांग आंदोलनकारियों की 20 हजार से 30 हजार की गई है।

सीएम ने कहा कि सरकार 30 प्रतिशत महिला आरक्षण, समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी और भू-कानून जैसे ऐतिहासिक फैसले ले चुकी है और 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी भर्ती दी गई है।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, रविंद्र जुगरान और डीएम आशीष चौहान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *