*देहरादून।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित युवा संकल्प दिवस कार्यक्रम में शिरकत की। अपने जन्मदिन को युवा संकल्प दिवस के रूप में मनाए जाने पर उन्होंने युवाओं का आभार जताया और कहा कि युवा शक्ति ही विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण की प्रमुख आधारशिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका होगी। सरकार शिक्षा, कौशल, रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप और खेल के हर क्षेत्र में युवाओं को अवसर दे रही है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को सपनों के लिए घर-गांव न छोड़ना पड़े, वे रोजगार मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें।
उन्होंने कहा कि AI, रोबोटिक्स और डिजिटल टेक्नोलॉजी के दौर में युवाओं को आधुनिक कौशल से जोड़ा जा रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार के लिए चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं। राज्य युवा आयोग युवाओं की आवाज को नीति निर्माण से जोड़ेगा।
धामी ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के बाद उत्तराखंड खेलभूमि के रूप में उभरा है और नकल विरोधी कानून से भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी हुई है।
युवाओं का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री ने तीन संकल्प मांगे –
1. जीवन में बड़ा लक्ष्य तय कर मेहनत करना
2. खुद नशे से दूर रहना और दूसरों को भी दूर रखना
3. सफलता मिलने पर अपने ज्ञान का कुछ हिस्सा उत्तराखंड के विकास में लगाना।
उन्होंने कहा कि युवा डॉक्टर, इंजीनियर, खिलाड़ी या किसी भी क्षेत्र में जाएं, पहले एक अच्छा इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनें।
