*देहरादून:* उत्तराखंड में राजस्व संग्रहण बढ़ाने और वित्तीय अनुशासन को मजबूत करने के लिए वित्त विभाग द्वारा विश्व बैंक सहायतित SPFM (Strengthening Public Financial Management) परियोजना लागू की जा रही है। शुक्रवार को विश्व बैंक के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन से मुलाकात कर परियोजना की प्रगति पर प्रस्तुतिकरण दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि राज्य कर, स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन, ट्रेजरी, ऑडिट, वन विकास निगम सहित सभी राजस्व अर्जित करने वाले विभागों से विचार-विमर्श किया गया है और उन्हें परियोजना में शामिल किया जा रहा है।
मुख्य सचिव ने कहा कि सभी राजस्व विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि राजस्व वृद्धि के लिए जरूरी तकनीकी और संस्थागत सहयोग SPFM परियोजना के तहत लें। इस परियोजना का उद्देश्य केवल राजस्व बढ़ाना नहीं, बल्कि राज्य की वित्तीय व्यवस्था को अधिक सक्षम, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है।
उन्होंने कहा कि राजस्व वृद्धि के साथ डिजिटल नवाचार पर भी फोकस रहेगा, ताकि सरकारी सेवाएं सरल और सुगम हों और जनता को सीधा लाभ मिले।
