*देहरादून:* वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत कोतवाली कैंट पुलिस ने अवैध सट्टा लगाते एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
17 सितंबर की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बाजावाला से आने वाले रास्ते पर बांस के जंगल के पास छापा मारा। मौके से हरक बहादुर थापा (56 वर्ष) निवासी प्रेमपुर माफी को सट्टा कॉपी, पेन और 4230 रुपये नकद के साथ पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिहाड़ी मजदूरी करता है और बरसात में काम न होने के कारण लालच में ऑनलाइन सट्टा खिलाने लगा था। वह लोगों से सट्टा लगवाकर जीत की राशि में से कमीशन रख लेता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 13 जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है।
