*चंपावत/पिथौरागढ़:* महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को जिला सभागार चंपावत में ‘आंगन का मिलन सेवा’ की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक जनपद के 681 आंगनबाड़ी केंद्रों में वृहद स्तर पर यह अभियान चलेगा।
मंत्री ने कहा कि इसका उद्देश्य केवल कार्यक्रम करना नहीं, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं और बच्चों तक पहुंचाना है। सभी कार्यक्रम सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होंगे। इस दौरान पोषण आहार वितरण, गोद भराई, अन्नप्राशन, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और वृद्धि निगरानी जैसे कार्य होंगे। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।
वहीं पिथौरागढ़ में प्रभारी मंत्री के रूप में रेखा आर्या ने ‘सेवा का संकल्प’ महाअभियान के तहत लगे बहुउद्देशीय शिविर में प्रतिभाग किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉल देखे और लोगों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण कर अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान 27 अक्टूबर तक ब्लॉक और तहसील स्तर पर चलेगा।
