*देहरादून:* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मियांवाला में MDDA द्वारा 8.64 करोड़ की लागत से विकसित ‘जल सृष्टि पार्क’ का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह पार्क स्वच्छ, स्वस्थ और हरित देहरादून के संकल्प को नई गति देगा।
CM ने बताया कि पार्क में पुराने तालाब को खत्म करने के बजाय उसका पुनर्जीवन किया गया है। तालाब के बीच सुंदर आइलैंड और पेडल बोटिंग की सुविधा विकसित की गई है, जिससे रायपुर क्षेत्र के लोगों को देहरादून में ही ‘नैनीताल जैसी फीलिंग’ मिलेगी।
पार्क में जॉगिंग ट्रैक, योगा डेक, चिल्ड्रन पार्क, फ्लावर गार्डन, लैंडस्केपिंग और बैठने की सुविधाएं हैं। यह हर उम्र के लोगों के लिए बनाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण केवल पर्यावरण बचाना नहीं, बल्कि विरासत और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित करना है। विकास का अर्थ सिर्फ कंक्रीट के ढांचे नहीं, बल्कि जीवन को आसान बनाना और पर्यावरण को सुरक्षित रखना है।
उन्होंने बताया कि रायपुर क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सीवर, शिक्षा, स्वास्थ्य और बाढ़ सुरक्षा के कार्य तेज किए गए हैं। सौंग डैम परियोजना से देहरादून की पेयजल व्यवस्था और मजबूत होगी।
CM ने लोगों से अपील की कि पार्क को सरकारी संपत्ति नहीं, अपना समझकर स्वच्छ और सुंदर बनाए रखें।
कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, मेयर सौरभ थपलियाल, MDDA उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी सहित कई अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
