*रुद्रपुर।* महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने शुक्रवार को रुद्रपुर में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले “आंगन का मिलन” कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में मंत्री ने बताया कि जनपद के 2,388 आंगनबाड़ी केंद्रों में 13 दिनों तक यह कार्यक्रम ब्लॉक स्तर पर आयोजित होगा। इस दौरान टीकाकरण, पोषण अभियान, संतुलित आहार पर चर्चा, बाल गीत, लोकनृत्य और लघु नाटिका जैसी गतिविधियां होंगी।
मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ ही महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और आशा बहनों को सम्मानित भी किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी गतिविधियां आंगनबाड़ी केंद्रों के समय सुबह 9 से 12 बजे के बीच ही पूरी की जाएं, ताकि बच्चों और अभिभावकों को असुविधा न हो।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी सहित भाजपा पदाधिकारी और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
