*देहरादून।* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के तहत 10,709 पात्र लाभार्थियों के खातों में 18.49 करोड़ रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण श्रमिक राज्य के विकास में अहम भूमिका निभाते हैं और सरकार हर पात्र श्रमिक तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य जांच में बीमारी सामने आने वाले श्रमिकों के उपचार की व्यवस्था स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से सुनिश्चित की जाए।
त्योहारी सीजन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को जनसुविधा और जनसेवा के कार्य तेज करने के निर्देश भी दिए।
इस बार प्रसूति सहायता के 95, मृत्यु उपरांत सहायता के 177, पुत्री विवाह के 2,354 और शिक्षा सहायता के 8,083 लाभार्थियों को राशि दी गई। बोर्ड द्वारा अब तक 83,319 किट वितरित किए जा चुके हैं और 2.32 लाख से अधिक स्वास्थ्य परीक्षण किए गए हैं।
